एएनएम व आशा को बर्खास्त करने के निर्देश
महराजगंज। धानी के हथिगढ़वा में स्क्रब टाइफस से बच्ची की हुई मौत के मामले में एएनएम व आशा कार्यकर्ता को बर्खास्त करने के निर्देश डीएम ने दिए हैं। धानी के प्रभारी चिकित्साधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। बच्ची का प्रारंभिक इलाज करने वाले झोलाछाप के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
ये निर्देश डीएम सत्येंद्र कुमार ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि जापानी इंसेफेलाइटिस व संभावित मस्तिष्क ज्वर की सूचना समय से न देने वाले प्रभारी चिकित्साधिकारी, एएनएम व आशा के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने ब्लॉक स्तर पर उच्च ताप वाले बुखार की निगरानी के लिए प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सभी इंसेफेलाइटिस ट्रीटमेंट सेंटर पर नोडल अधिकारी को नियुक्त करने के निर्देश दिए। उपकेंद्रों पर तत्काल प्रभाव से एक एएनएम को नियुक्त करने तथा एसएनसीयू वार्ड में बेड बढ़ाने के भी निर्देश दिए। एसएनसीयू से डिस्चार्ज बच्चों का फालोअप करने के लिए बीसीपीएम को निर्देशित किया। आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। नियमित टीकाकरण का औसत बेहतर पाए जाने पर प्रसन्नता भी जताई गई। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।