नौतनवा। स्थानीय कस्बे में गांधी चौक के निकट स्थित नहर रोड पर सोमवार को भूमि विवाद के एक मामले में दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। उच्चाधिकारियों की सूचना पर नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव एवं चौकी प्रभारी छोटेलाल के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की फोर्स तत्काल मौके पर पहुंची और वहां हो रहे निर्माण कार्य को रुकवा दिया। बताया गया है कि करीब दो घंटे तक दोनों पक्षों से वार्ता, दस्तावेजों की जांच-पड़ताल और भूमि की पैमाइश के बाद किसी तरह मामला ठंडा पड़ा। वहीं एकाएक इतनी भारी संख्या में पुलिस और प्रशासन की फोर्स तैनात होने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। लोग अनहोनी की आशंका में सहमे हुए नजर आए।
हालांकि कुछ देर बाद मामले की पूरी जानकारी होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि दो पक्षों के बीच भूमि को लेकर विवाद होने की संभावना बनी हुई थी। सूचना पर मौके पर पहुंचकर मामले का निपटारा करा दिया गया है। स्थिति अब सामान्य है।