एक करोड़ से बनेगी तेंदुअहिया से मौलागंज तक सड़क
- लोक निर्माण विभाग कराएगा निर्माण, राहगीरों को मिलेगी सहूलियत
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। पनियरा क्षेत्र में तेंदूअहिया से मौलागंज तक सड़क बनाई जाएगी।
लगभग एक किलोमीटर बनने वाली इस सड़क के निर्माण पर कुल एक करोड़ रुपये व्यय होंगे।
लोक निर्माण विभाग ने बदहाल सड़कों की दशा को सुधारने की दिशा में पहल प्रारंभ की गई है। राहगीरों की समस्याओं को दूर कराने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड ने इसका प्रस्ताव भेजा था। अधिसूचना जारी होने से पहले ही सड़क के निर्माण को स्वीकृति देते हुए दस प्रतिशत धनराशि जारी कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया के पूरा कराए जाने के बाद कार्य प्रारंभ होगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने बताया कि 1.03 करोड़ रुपये की लागत से कामता से विशुनपुरा खुर्द तक सड़क के निर्माण को मंजूरी मिली है। 15 मार्च के उपरांत निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।
-------------
मौलागंज से मुजुरी पहुंचने तक सुगम होगा मार्ग
तेंदूअहिया से मौलागंज तक सड़क के बन जाने से आमजन व राहगीरों को चौरी होते हुए मुजुरी नहीं जाना होगा, बल्कि वे इस मार्ग से सुविधाजनक तरीके से मुजुरी तक पहुंच सकेंगे। इससे उनके धन व समय दोनों की बचत होगी।