महराजगंज। यूपी बोर्ड के परीक्षार्थियों के लिए इस बार बोर्ड सुविधाओं का दायरा बढ़ा दिया है। बोर्ड की तरफ से परीक्षार्थियों के लिए राज्य स्तर पर हेल्प डेस्क की सुविधा प्रारंभ करते हुए टोल फ्री नंबर जारी कर दिया गया है। इसके अलावा जनपद स्तर पर काल सेंटर के जरिए विषय विशेषज्ञों से संपर्क करने की सुविधा व परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन निगरानी के लिए काॅल सेंटर स्थापना की कवायद भी जिले में प्रभावी है। यूपी बोर्ड की परीक्षा में इस बार जिले से 72 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनके लिए 111 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षार्थियों के लिए बोर्ड ने हेल्प डेस्क शुरू किया है। टोल फ्री नंबर जारी करते हुए सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक फोन करने की सुविधा उपलब्ध कराई है। परीक्षार्थी अपने विषय और मनोवैज्ञानिक समस्याओं का समाधान हेल्पडेस्क से पा सकते हैं। डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा ने इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि हेल्प लाइन नंबर सभी परीक्षार्थियों को बताएं और मदद लेने के लिए प्रेरित भी करें।
परीक्षा 24 फरवरी से शुरू हो रही है। इसके लिए बोर्ड ने टोल फ्री नंबर 18001805310 और 18001805312 जारी किया है। डीआईओएस ने कहा कि परीक्षा के दबाव में परीक्षार्थी मनोवैज्ञानिक रूप से परेशान हो जाते हैं। नींद न आने, फेल होने का भय और तनाव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। हेल्प डेस्क से ऐसे विद्यार्थियों को काफी मदद मिलेगी। विषय विशेषज्ञों के साथ हेल्पडेस्क पर मनोविज्ञान काउंसलर भी रहेंगे। हेल्पडेस्क 12 मार्च को परीक्षा समाप्त होने तक क्रियाशील रहेगी।
-
मेल आईडी और लिंक भी जारी
राजकीय इंटर काॅलेज के प्रिंसिपल अनमोल यादव ने बताया कि टोल फ्री नंबर के अलावा बोर्ड ने इंटरनेट प्लेटफार्म के लिंक भी विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराया है। जिसमें यूपीएमएसपीप्रयागराजजीमेल डाट काम, ईमेल आईडी,यूपीबोर्डपीआरवाईनाम से एक्स हैंडल, माध्यमिकशिक्षापरिषदउत्तरप्रदेश नाम से फेसबुक पेज, माध्यमिकशिक्षापरिषदयूपी प्रयागराज यूट्यूब चैनल और यूपीबोर्डपीआरवाई नाम से इंस्टाग्राम आईडी का लिंक भी जारी कर दिया है।