खुटहां बाजार। पनियरा थाना क्षेत्र के खुटहां में शुक्रवार दोपहर मछली मारने गए एक किशोर की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजन और गांव वालों में चीख-पुकार मच गई। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के खुटहां गांव निवासी रामनेवास का बेटा लालबहादुर (14) शनिवार को दोपहर में सोइया पोखरा में कटिया से मछली मारने गया था। इसी दरम्यान वह पोखरे में डूब गया। परिजन शाम होने पर खोजबीन करते हुए पोखरे पर गए तो वहां पानी में उतराया हुआ उसका शव मिला। मृतक अपने दो भाइयों में छोटा है। इस संबंध में एसओ पनियरा संजय सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। जांच के बाद ही मृत्यु के कारण का पता लगेगा।