शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच में जुटी पुलिस
महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा छितौना में एक किशोरी ने घर में फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में किशोरी को निजी वाहन से सीएचसी निचलौल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्रामसभा छितौना निवासी सुरेन्द्र की अनमोल गौतम (16) ने शनिवार शाम को घर के ऊपरी छत पर दुपट्टे से फंदा लगा कर जान दे दी। उसके चीखने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन उसे फंदे से लटका देखकर हैरान हो गए। बताया जा रहा है कि मृतक किशोरी दो भाइयों के बीच अकेली बहन थी। उसके पिता प्रदेश में मजदूरी करने गए हैं। घर पर दोनों भाई और उसकी मां मौजूद थे।
थाना प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी होने पर सीएचसी में पहुंच शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शव को उसके परिजनों द्वारा सीएचसी लाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।