संचारी रोग नियंत्रण माह का शुभारंभ, जागरूकता वाहन को दिखाई हरी झंडी
महराजगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सदर पर बृहस्पतिवार को संचारी रोग नियंत्रण माह का शुभारंभ किया गया। 11 बजे सदर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विवेक कुमार गुप्ता ने फीता काटकर अभियान का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने हरी झंडी दिखाकर रोगों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करने वाले प्रचार वाहन को रवाना किया।
इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्रीभागवत सिंह ने बताया कि एक से 31 अक्तूबर तक संचारी रोग नियंत्रण माह मनाया जा रहा है। इसके तहत मलेरिया, फाइलेरिया, टीबी, जापानी इंसेफेलाइटिस (जेई), एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (एईएस), डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। ये बीमारियां मच्छर, मक्खी, चूहा, छछूंदर और गंदगी के कारण फैलती हैं।
उन्होंने बताया कि 12 से 31 अक्तूबर तक दो सदस्यीय टीमें घर-घर जाकर रोगों से प्रभावित लोगों की पहचान करेंगी। मरीजों का विवरण ई-कवच एप पर दर्ज किया जाएगा। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को 108 नंबर की एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल पहुंचाकर उचित उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। अभियान के दौरान साफ-सफाई, जलभराव रोकने और मच्छरों से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी जाएगी।
इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार गुप्ता, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीर विक्रम सिंह, डीएमओ नीलोत्पल, डिप्टी डीएमओ अनिल कुमार, एआरओ जहां आरा, कौलेश्वर, बीपीएम सूर्य प्रताप सिंह, फार्मासिस्ट आशुतोष त्रिपाठी सहित मलेरिया विभाग के निरीक्षक और सीएचसी के कर्मचारी मौजूद रहे।