जनगणना प्रशिक्षण में आ रही समस्याओं के निस्तारण की मांग की
फरेंदा। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में जारी जनगणना प्रशिक्षण में व्याप्त विसंगतियों के निस्तारण को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा को ज्ञापन सौंपा। तहसीलदार ने कुछ मामलों का निस्तारण तत्काल कर अन्य समस्याओं के निस्तारण के लिए डीएम को पत्र प्रेषित कर दिया।
शिक्षक संघ के डॉ. कैलाश नाथ मौर्या, वीरेंद्र मौर्या, वंशीधर पांडेय, राजन गुप्ता सहित कई अन्य ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि जनगणना में सुपरवाइजर व प्रगणक की नियुक्ति में वरिष्ठता का ध्यान नहीं रखा गया है। प्रशिक्षण में प्रगणक के रूप में नामित कई कर्मियों के पास पुराने वर्जन का मोबाइल है, जो हैलो एप के लिए उपयुक्त नहीं है। जनगणना प्रशिक्षण में कर्मियों के जलपान व भोजन में ग्रामीण व नगरीय क्षेत्र में भेदभाव हो रहा है। बिजली की आपूर्ति न रहने पर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के निस्तारण की मांग की गई है। इस दौरान सुशील सिंह, दुर्गेश पांडेय, प्रमोद पाल, अभय चौबे, शैलेंद्र चौबे व विशाल द्विवेदी मौजूद रहे।