शिक्षा क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने उठाए तीन महत्वपूर्ण कदम
एसबीआई और बेसिक शिक्षा विभाग के मध्य सरकारी वेतन पैकेज पर हुआ समझौता
महराजगंज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में आयोजित एक कार्यक्रम में शिक्षक-कर्मचारियों के हित में तीन महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की। इनमें मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना, विद्यार्थियों के लिए डीबीटी के जरिए धनराशि का अंतरण और भारतीय स्टेट बैंक एवं बेसिक शिक्षा विभाग के मध्य विशेष सरकारी वेतन पैकेज के लिए समझौता ज्ञापन प्रमुख रहे।
कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के 25 शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं रसोइयों को प्रतीकात्मक रूप से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए गए। कलक्ट्रेट स्थित बुद्ध सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष जसवंत सिंह उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, सशक्त एवं शिक्षक-केंद्रित बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रारंभ की गई तीनों योजनाएं शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं उनके परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि इस योजना के तहत प्रदेश के बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक, अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के वार्डन एवं शिक्षण स्टाफ, प्रधानमंत्री पोषण योजना के रसोइया तथा उनके आश्रित परिवारजन लाभान्वित होंगे। महराजगंज में इस योजना के अंतर्गत बेसिक शिक्षा विभाग के 12,628 शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया एवं स्पेशल एजुकेटर लाभान्वित होंगे।
1.61 लाख विद्यार्थियों के अभिभावकों के खाते में भेजे रुपये
कार्यक्रम के दौरान शैक्षिक सत्र 2026-27 के प्रथम चरण में विद्यार्थियों खातिर सामग्री खरीद के लिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से धनराशि हस्तांतरित करने की जानकारी भी दी गई। जनपद के परिषदीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत 1,61,252 विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में 1,200 रुपये प्रति विद्यार्थी की धनराशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई। इसके अलावा भारतीय स्टेट बैंक एवं बेसिक शिक्षा विभाग के मध्य विशेष सरकारी वेतन पैकेज के लिए एमओयू किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार सिंह, प्रॉचार्य डायट, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सरबजीत कुमार सिंह, भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक ज्ञान प्रकाश, लीड बैंक मैनेजर भूपेंद्र मिश्रा, मुख्य प्रबंधक एसबीआई महराजगंज दिव्या गौर, खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षा विभाग एवं बैंक के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।