नौतनवा। नगर स्थित गोरखा भूतपूर्व सैनिक स्कूल में बृहस्पतिवार की सुबह विद्यालय पर मालिकाना हक जताने को लेकर अध्यापकों और पूर्व सैनिक विद्यालय परिसर को ही अखाड़ा बना कर मारपीट करने लगे। दोनों पक्ष अपने हक में उच्च न्यायालय का आदेश आने की बात कहते हुए एक-दूसरे पर जमकर लात-घूंसे चलाने लगे।
स्कूल परिसर में ही मारपीट का नजारा देख बच्चे डर से सहम गए। किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया गया। इस घटना में एक पक्ष से अजय राना व नरेश राना व दूसरे पक्ष से परमेश्वर यादव एवं उनके पुत्र प्रभात यादव को चोटें आई हैं। किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया और कुछ ही देर में वीडियो वायरल हो गया। घटना अब पूरे नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है। वर्षों से चल रहे इस विवाद के कारण प्रभावित होती विद्यालय की पठन-पाठन व्यवस्था को देखते हुए अभिभावकों को बच्चों का भविष्य अंधकारमय होने की चिंता भी सताने लगी है। उधर, घटना के बाद एक पक्ष से अजय राना एवं दूसरे पक्ष से राम कुमार थापा ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।