प्राथमिक विद्यालय औराडाड़ में तैनात है अब्दुर्रहमान
गोरखपुर के बेलघाट थाने में दर्ज है प्राथमिकी
लोहरैया। प्राथमिक विद्यालय औराडाड़ में तैनात एक शिक्षक अब्दुर्रहमान को धर्मस्थल पर आपत्तिजनक फोटो पोस्ट करने के मामले में निलंबित कर दिया गया है। फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गर्मी की छुट्टियों के दौरान शिक्षक ने एक धार्मिक स्थल पर पैर रखकर तथा हाथ में खंजर लिए हुए फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। जिस पर विवाद बढ़ गया।
इस पोस्ट को लेकर हिंदू संगठनों एवं स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई और इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया। इसके बाद गोरखपुर के बेलघाट थाने में शिकायत पत्र देकर संबंधित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
पुलिस द्वारा मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच के बाद उक्त पोस्ट को आपत्तिजनक मानते हुए शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने उसे निलंबित कर दिया। इसकी जानकारी बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने दी। इस पूरे मामले में प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर आगे की जांच जारी है।