स्वनिधि में 2817 का आवेदन, 914 में ऋण वितरित
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में पटरी दुकानदारों को 10,000 रुपये देने की है व्यवस्था
अब भी 1903 लोगों को ऋण का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पटरी व्यवसायियों को शासन ने भले ही राहत देने की व्यवस्था की है मगर अब भी योजना के लाभ के लिए बड़ी संख्या में लोग परेशान हैं। योजना के तहत जिले के सात निकायों से कुल 2817 लोगों ने आवेदन किया है, जिसमें से मंगलवार की सुबह तक महज 914 लोगों को ही ऋण का वितरण किया जा सका है। अब भी 1903 लोगों को ऋण का इंतजार है।
सड़क के किनारे पटरी पर दुकान लगाने वाले व्यापारियों को 10,000 रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का संचालन किया तथा जरूरतमंदों को लाभ दिलाने के लिए आवेदन मांगा। जिले के सभी सातों निकायों में 3655 का लक्ष्य प्रदान किया गया, जिसमें से 2817 लोगों ने ऋण के लिए आवेदन फॉर्म भरा। आवेदन फॉर्म के सापेक्ष बैंकों द्वारा कुल 914 लोगों को अब तक ऋण वितरित किया जा चुका है। अवशेष को अब भी ऋण का इंतजार है। शहरी आजीविका मिशन के मिशन प्रबंधक आनंदमय त्रिपाठी ने बताया कि सात निकायों से कुल 2817 आवेदन भेजा गया है, ऋण का भुगतान बैंकों का विषय है। मार्गदर्शी बैंक के मुख्य प्रबंधक सुरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत जल्द से जल्द ऋण वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही पात्रता रखने वालों के खाते में धनराशि प्रेषित कर दी जाएगी।
आवेदन के सापेक्ष निकायवार यह है वितरण की स्थिति
नगर पंचायत आनंदनगर में 215 के सापेक्ष 59, घुघुली में 274 के सापेक्ष 57, निचलौल में 478 के सापेक्ष 206, सिसवां बाजार में 216 के सापेक्ष 74 व सोनौली में 203 के सापेक्ष 37 लोगों को ऋण वितरित हुआ है। इसी प्रकार नगर पालिका महराजगंज में 998 के सापेक्ष 407 एवं नौतनवां में 433 के सापेक्ष 74 लोगों को ऋण वितरित किया गया है।