फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: दीवार पर लिखा सुसाइड नोट...पत्नी को ठहराया जिम्मेदार

विज्ञापन
घटनास्थल पर जुटी लोगों की भीड़।  
विज्ञापन
मूल रूप से दोनों गाजीपुर जिले के निवासी, सात साल पहले हुआ था विवाह
विज्ञापन

ठीक नहीं थे आपसी रिश्ते, परिवार के दबाव और लोकलाज के डर से चल रहा था घर
नौतनवा। एसएसबी में तैनात सफाईकर्मी के पति और बच्चों की मौत के पीछे का कारण पारिवारिक कलह बताया जा रहा है। कमरे में दीवार पर एक सुसाइड नोट भी लिखा मिला है। सुसाइड नोट में पति ने पत्नी का किसी दूसरे व्यक्ति से अवैध संबंध होने का आरोप लगाया है। साथ ही पत्नी के मायके वालों पर उसे सह देने का जिक्र किया है। जबकि बच्चों को मारने की वजह अपने से उन्हें दूर न रख पाने का कारण लिखा है।
मूल रूप से मिर्जापुर थाना सैदपुर जिला गाजीपुर के रहने वाले अमरीश कुमार की शादी करीब सात वर्ष पूर्व महमूदपुर थाना जंगीपुर जनपद गाजीपुर की रहने वाली बंदना के साथ हुआ था। बंदना शादी के बाद एसएसबी में भर्ती हो गई थीं। दोनों से कंचन और अमरेंद्र दो बच्चे भी हुए।
विज्ञापन

नौतनवा से पहले बंदना की तैनाती एसएसबी के 53वीं बटालियन में पश्चिम बंगाल में थी। वहां से अभी पिछले साल ही उन्हें 66वीं बटालियन नौतनवा में स्थानांतरित किया गया था। नौतनवा आने के बाद वह परिवार के साथ पहले बाईपास पर कहीं रहती थीं, फिर कुछ माह बाद वहां से गांधी नगर वार्ड में आकर रहने लगीं। पति घर पर ही रहकर बच्चों की देखभाल किया करते थे।
बंदना के मुताबिक, पति से उनकी नहीं बनती थी। छोटी-छोटी बात पर भी झगड़ा हो जाया करता था। उन्होंने बताया कि कई बार परिवार से भी यह शिकायत की लेकिन परिवार के लोग लोकलाज के डर से रिश्ता निभाने के लिए समझाते रहे।
शनिवार की रात भी पति-पत्नी के बीच हुआ था विवाद
बंदना ने बताया कि पति-पत्नी के आपसी रिश्ते ठीक नहीं थे। काफी दिनों से दोनों में छोटी-छोटी बातों को लेकर भी टकराव होता था। होली के दिन भी झगड़ा हुआ था। शनिवार की रात भी दोनों के बीच जमकर कहासुनी और विवाद हुआ। अगले दिन रविवार को वह ड्यूटी पर चली गईं और पति अमरीश ने इतना बड़ा कदम उठा लिया।
बच्चों के शव देख बेसुध हो जा रही थी बंदना
नौतनवा। आपसी विवाद में बच्चों को मौत के घाट उतार देने की इस घटना से बंदना काफी आहत हैं। रो-रोकर वह बेसुध हो जा रही हैं। वह बस यही कह रही है कि यदि आज वह ड्यूटी पर नहीं गई होती तो उनके दोनों बच्चे जीवित होते। सहकर्मियों और अपनों के लिए बंदना को संभालना मुश्किल हो गया है।
घर वालों को फोन कर दी थी घटना को अंजाम देने की चेतावनी
नौतनवा। घटना के संबंध में अब तक हुई पूछताछ में यह भी सामने आया कि रविवार को अमरीश ने अपने घर वालों को फोन पर पूरा परिवार खत्म हो जाने की बात भी कही थी। यह सुनने के बाद हरकत में आए परिवार के लोगों ने उसके सिर पर सवार गुस्से को देखते हुए घटना को रोकने की तेजी तो की लेकिन जब तक वह बंदना को फोन किए और लोग घर तक पहुंचे तब तक तीनों की सांसें थम चुकी थीं।
घटना से पहले वीडियो बना पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप

नौतनवा। एसएसबी में तैनात सफाईकर्मी के पति अमरीश कुमार ने घटना को अंजाम देने से पहला अपना एक वीडियो बनाकर घर वालों को भी भेज दिया था। वह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अमरीश रो-रोकर पत्नी के चरित्र पर सवाल खड़े करते हुए कह रहे हैं कि पत्नी द्वारा आए दिन उन्हें प्रताड़ित किया जाता है। बेरोजगार होने का ताना देकर तलाक देने का दबाव भी बनाया जा रहा था। अमरीश ने इसके अलावा भी पत्नी और उनके मायके वालों पर तमाम तरह के आरोप लगाते हुए पारिवारिक कलह का जिक्र किया है। सुबह यह वीडियो घर वालों को मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। संवाद
बच्चों के शव को देखकर सिहर उठे लोग
बंदना और उसके पति के बीच विवाद में उनके दो मासूमों को भी अपनी जान गंवानी पड़ी। इस घटना ने मात्र उन बच्चों की मां बंदना ही नहीं बल्कि आसपास के संवेदनशील लोगों को भी गहरा आघात पहुंचा है। घटना की सूचना पर जो कोई भी मौके पर पहुंचा उसका कलेजा उन छोटे-छोटे बच्चों के शव देख सिहर उठा और आंखे नम हो गईं। हर कोई बाप को ही कोसता रहा और यही चर्चा करता रहा कि आखिर मासूम बच्चों ने उसका क्या बिगाड़ा था।

अब कौन मम्मा कहकर बुलाएगा?



मां और बच्चे तो कभी सपने में भी यह नहीं सोचे होंगे कि जिस बाप की गोद में वह खेल कर बड़े हो रहे हैं, जिसकी उंगली पकड़कर चलना सीख रहे हैं, एक दिन वही बाप उन्हें ऐसी नींद सुला देगा कि फिर वह कभी उठ ही नहीं पाएंगे। दोनों बच्चों को खोने वाली मां बंदना बार-बार बेसुध हो जा रही है। थोड़ी-थोड़ी देर में वह बच्चों के साथ बीते पलों को दोहराते हुए यही कहकर बिलख पड़ रही है कि अब मुझे मम्मा कहकर कौन बुलाएगा। बंदना की स्थिति देख वहां मौजूद लोगों की भी आंखें भर आईं।
विज्ञापन

बंदना और उनके परिजनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज

नौतनवा। एसएसबी में तैनात महिला सफाईकर्मी के पति अमरीश ठाकुर और दोनों बच्चों की मौत हो जाने की सूचना पर दोपहर बाद दोनों पक्षों के परिवार नौतनवा थाने पर पहुंचे। यहां मृतक अमरीश ठाकुर के भाई अश्वनी कुमार शास्त्री निवासी ग्राम मिर्जापुर थाना सैदपुर जनपद गाजीपुर ने थाने में तहरीर देकर अपनी भाभी और उनके परिवार वालों पर भाई को आए दिन प्रताड़ित करने, कई बार समझौता होने के बाद भी कोई सुधार न होने और रविवार को साजिश के तहत भाई, भतीजा व भतीजी की हत्या कराने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि अमरीश के भाई अश्वनी कुमार शास्त्री की तहरीर पर पत्नी बंदना, उसकी मां चंदा देवी, पिता रामअवतार राम, भाई नवीन कुमार, भाभी सुनीता, युवक सोनू गौतम व एक अज्ञात के विरुद्ध साजिश रचने और हत्या करने की धारा में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
वर्जन
प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
-सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें