नौतनवां। परसा मलिक थाना क्षेत्र के सिरसिया मशरकी गांव के टोला इमिलियहवा में बृहस्पतिवार दोपहर में एक युवती ने घर के अंदर छत की कुंडी के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सिरसिया मशरकी टोला इमिलियहवा निवासी इन्द्रकला (18) ने घर में छत की कुंडी से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के वक्त माता और पिता खेत गए थे। अन्य लोग भी घर पर नहीं थे। जब मां घर पहुंची तो अंदर से दरवाजा बंद था। संदेह होने पर जब अन्य लोग पहुंचे और किसी तरह दरवाजा खोला तो बेटी छत की कुंडी से फंदे से लटकी मिली। परिजनों ने शव को नीचे उतारा। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मृतका के भाई कन्हई की तहरीर पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थानाध्यक्ष छोटेलाल ने बताया कि मृतका के भाई तहरीर में बताया कि उसकी बहन ने आत्महत्या कर ली। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की जानकारी हो सकेगी।