महराजगंज। 18 अगस्त से परिषदीय स्कूल में सत्र परीक्षा शुरू होगी जिसमें लगभग दो लाख विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। शिक्षा निदेशालय की तरफ से इसके आदेश निदेशालय से प्राप्त हुए हैं जिसमें जुलाई तक पढ़ाए गए पाठ्यक्रम के मुताबिक प्रश्नपत्र तैयार होंगे।
प्रश्न पत्र का निर्माण डायट के जिम्मे किया गया है जो परीक्षा से पहले प्रत्येक विषय की परीक्षा एक-एक सेट तैयार कर विभाग को देंगे जिसे मुद्रण कराकर बीईओ स्कूलों को संख्या के आधार पर उपलब्ध कराएंगे। इसके लिए कंपोजिट ग्रांट का उपयोग होगा।
बेसिक शिक्षा विभाग में पाठ्यक्रम आधारित शिक्षण व सत्र परीक्षा पहली बार इस माह छह दिनों तक चलेगी। कुल 20 अंक की सत्र परीक्षा सभी विषय व कक्षा दो से आठ तक होगी।
इसमें 10 अंक बहुविकल्पीय व 10 अंक लघुउत्तरीय के होंगे। कक्षा एक के बच्चों का जवाब जहां शिक्षक खुद बच्चों से प्रश्न पूछकर जवाब लिखेंगे वहीं कक्षा दो से आठवीं तक के बच्चे खुद ही प्रश्नों का जवाब लिखेंगे।