महराजगंज। इस बार नीट की परीक्षा में सफल होने वाले छात्र-छात्राओं को महराजगंज मेडिकल कॉलेज में भी पढ़ने का अवसर मिलेगा। मेडिकल में शैक्षिक एवं मेडिकल स्टाफ की तैनाती हो चुकी है। जून माह में एनएमसी की टीम जांच करेगी, इसके बाद सभी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। शनिवार को कॉलेज में सभी स्टाफ के साथ चेयरमैन विनय श्रीवास्तव ने बैठक कर आवश्यक दिशानिर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी को दायित्व के प्रति सजग रहने की चेतावनी दी।
केएमसी मेडिकल कॉलेज की सभी तैयारी पूरी की जा चुकी है। समीक्षा बैठक में सभी बिंदुओं पर चर्चा की गई। चेयरमैन विनय श्रीवास्तव ने सभी विभागों के विभागाध्यक्षों से उनके विभाग के बारे में जानकारी ली। पीपीपी मोड पर केएमसी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को डेढ़ सौ सीटें मिली हैं। सत्र 2024 में एमबीबीएस के छात्र इस नव निर्मित मेडिकल कॉलेज में शिक्षा ग्रहण करेंगे। उन्होंने बताया कि जूनियर रेजिडेंट 76, सीनियर रेसिडेंट 38, असिस्टेंट प्रोफेसर 53, एसोसिएट प्रोफेसर 22, प्रोफेसर-29, साइकोलॉजिस्ट एक, सांख्यिकी अधिकारी एक की तैनाती है। अब तक 220 स्टाफ की तैनाती हो चुकी है। मेडिकल कॉलेज में लेक्चर थियेटर, पुस्तकों से सुसज्जित लाइब्रेरी, सभी विभागों के उच्च स्तरीय प्रयोगशाला के साथ सभी सुविधाएं उपलब्ध है। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेश चुन्नीलाल, संजय श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
नए सत्र में मेडिकल काॅलेज में प्रवेश होगा। सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। तैनात सभी स्टाफ बेहतर ढंग से सेवा दे रहे हैं। एनएमसी की जांच के पहले सभी कमियों को ठीक कर लिया जाएगा।
- डॉ. पीपी गुप्ता, डीन प्रोफेसर, केएमसी मेडिकल कालेज
मेडिकल काॅलेज के पूरे परिसर सीसीटीवी कैमरे लग चुके हैं। जिले में मेडिकल की पढ़ाई के साथ अब बेहतर इलाज की सुविधा मिल रही है। 15 एकड़ में मेडिकल काॅलेज का भवन बना है। जिले की 30 लाख की आबादी को बेहतर इलाज की सुविधा मिल रही है। यहां पर हाईटेक ट्राॅमा सेंटर है।
डॉ. देव कुशवाहा, जनसंपर्क अधिकारी, केएमसी मेडिकल कालेज