महराजगंज। धनतेरस का दिन शनिवार युवाओं के लिए सेवायोजन विभाग ने खास बना दिया। कार्यालय परिसर में आयोजित रोजगार मेले में हिमालयन एग्रो ऑर्गेनिक कंपनी ने रोजगार मेला लगाकर 36 युवाओं को साक्षात्कार के बाद नियुक्ति पत्र दिया। नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं ने इसे त्योहार का उपहार बताया।
सेवायोजन कार्यालय में आयोजित रोजगार मेले का शुभारंभ सेवायोजन अधिकारी ईशान प्रकाश ने किया। उन्होंने कहा कि विभाग प्रत्येक युवा जो शिक्षित व प्रशिक्षित हैं, उन्हें रोजगार से जोड़ने में अहम रोल अदा कर रहा। सरकारी व गैरसरकारी कंपनियों को जिले में आमंत्रित कर युवाओं को लगातार रोजगार से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
प्रत्येक शिक्षित व प्रशिक्षित युवा को रोजगार मिले, इसके लिए उन्हें चाहिए कि वह विभागीय वेबसाइट पर पंजीकरण व रजिस्ट्रेशन पूरा करें, जिससे विभाग उनकी रुचि के मुताबिक नौकरी उपलब्ध करा सके। रोजगार मेले में पहुंची हिमालयन एग्रो ऑर्गेनिक ने 54 आवेदकों के प्रमाणपत्रों की जांच के बाद 36 का चयन सेल्स एग्जीक्यूटिव पद पर करते हुए नियुक्ति पत्र देकर दीपावली के बाद कार्य प्रारंभ करने के लिए युवाओं को निर्देश दिया।