परतावल (महराजगंज)। श्यामदेउरवां क्षेत्र के ग्राम सभा भरगांवा उर्फ लक्ष्मीपुर निवासी अफजल ने गांव की ही एक युवती पर फर्जी टीसी लगाकर कक्षा नौवीं में नामांकन कराने का आरोप लगाया है। मामले में न्यायालय के आदेश पर श्यामदेउरवां पुलिस ने युवती के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया।
अफजल अली ने बताया कि युवती ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय बसवार से फर्जी टीसी बनवाकर खालिद मिल्ली इंटरमीडिएट कॉलेज में कक्षा नौवीं में प्रवेश लिया। परिवार रजिस्टर के अनुसार, उसकी जन्मतिथि 10 जुलाई 1996 है। वहीं मतदाता सूची में वर्ष 2015 में 18 वर्ष अंकित है। शिकायत के आधार पर जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से पांच सदस्यीय जांच टीम गठित की गई। जांच आख्या में यह पाया गया कि युवती 09 जुलाई 2013 को खालिद मिल्ली इंटरमीडिएट काॅलेज तालिमाबाद कोटवा में 2013-14 में नामांकन हुआ है।
नामांकन में पूर्व माध्यमिक विद्यालय बसवार की ओर से जारी कक्षा आठ की टीसी उत्तीर्ण के आधार पर लिया गया है। विद्यालय की ओर से 10वीं उत्तीर्ण की टीसी में पूर्व माध्यमिक विद्यालय बसवार अंकित है, जबकि जनसूचना का अधिकार के तहत मांगी गई सूचना में पूर्व माध्यमिक विद्यालय बसवार की ओर से बताया गया कि छात्रा ने विद्यालय में अध्ययन नहीं किया है। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के अनुसार, यासमीन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।