भिटौली। थाना क्षेत्र के भैंसा पुल के पास मंगलवार को टैंपो से टक्कर के बाद स्कूटी सवार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, पचरूखिया तिवारी निवासी अमन (15) स्कूटी से किसी जरूरी काम से परतावल की ओर जा रहा था। अभी वह भैंसा पुल के पास पहुंचा था कि परतावल की ओर से आ रहे एक टैंपो से जबरदस्त टक्कर हो गई। दुर्घटना में स्कूटी सवार किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे परिजन उसे स्थानीय लोगों के सहयोग से इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी के परखचे उड़ गए। छात्र क्षेत्र के एक निजी स्कूल में 9वीं का छात्र है। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अवैध वसूली को लेकर मुख्यमंत्री को भेजा शिकायती पत्र
परसामलिक। नौतनवा ब्लॉक स्थित शीशगढ़, टोला खैरटवां गांव निवासी रघुनंदन गुप्ता ने पुलिस और मुख्यमंत्री पोर्टल पर कस्टम विभाग की शिकायत की है। शिकायतकर्ता ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि वह अपनी बाइक पर दो बोरी गेहूं लादकर बरगदवा बाजार में बेचने जा रहा था। आरोप है कि इस दौरान एक युवक रास्ते में मिला और बाइक रोकवाकर कस्टम विभाग के नाम पर पैसे मांगने लगा। इसका विरोध करने पर उसने कस्टम विभागीय के कर्मी को बुलाया। कस्टम टीम ने कार्रवाई के लिए बाइक और गेहूं को कब्जे में लेकर कार्यालय भेज दिया। खुलेआम वसूली के इस मामले में युवक ने जांच और कार्रवाई की मांग की है। बरगदवा थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार शुक्ला ने बताया कि शिकायती पत्र मिला है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।