महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के नदुआ बाजार में पुरानी रंजिश को लेकर हाईस्कूल के छात्र पर मनबढ़ युवकों ने लाठी-डंडा और लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में पांचों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नदुआ बाजार निवासी प्रदुम्मन ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह 21 अक्तूबर को पुस्तकालय से लौटकर अपने भाई चंदन के साथ पुलिया पर बैठा था। इसी दौरान गंगेश, टिंकेश्वार, सूर्यभान, रामसमुझ व राहुल हाथों में डंडा-रॉड लेकर पहुंचे और सिर पर वार कर दिया। इससे वह बेहोश हो गया। आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपित घर ने घुसकर परिजनों पर भी हमला करते हुए ईंट-पत्थर चलाने लगे।
ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद हमलावर फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी निर्भय सिंह ने बताया कि सभी आरोपितों पर बलवा व हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।