परसामलिक। आगामी दशहरा पर्व को लेकर मंगलवार को परसामलिक थाने के सभागार में पीस कमेटी की बैठक हुई। बैठक में उपजिलाधिकारी नौतनवा कुणाल ने कहा कि पर्व के दौरान अश्लील गाने बजाने या आपत्तिजनक हरकत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने की अपील की।
क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मी क्षेत्र में लगातार गश्त करेंगे। उन्होंने लोगों से किसी संदिग्ध व्यक्ति या अराजक तत्व की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
थानाध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने कहा कि पर्व के दौरान अशांति फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में वरिष्ठ उपनिरीक्षक महेंद्र बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक रामजीत, शैलेंद्र कुमार, संदीप कुमार वर्मा, भोलेन्द्र मिश्रा, गणेश प्रसाद, विजय नाथ यादव समेत अन्य मौजूद रहे।