महराजगंज। दुर्गा पूजा पर्व को लेकर मंगलवार को पनियरा थाने में पीस कमेटी की बैठक हुई। अपराह्न करीब चार बजे आयोजित बैठक की अध्यक्षता एसओ कुंअर गौरव सिंह ने की। उन्होंने सभी पूजा पंडालों में दो-दो सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।
एसओ ने कहा कि पर्व के दौरान किसी नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी। मूर्ति स्थापित करने के लिए नई जगह चुनने, विसर्जन मार्ग में बदलाव या स्वामित्व में परिवर्तन के लिए अनुमति लेना अनिवार्य होगा। डीजे की ऊंचाई, डेसिबल और संख्या निर्धारित मानकों के अनुसार ही रखी जाएगी।
प्रत्येक पंडाल में संबंधित हल्का दरोगा और सिपाही के साथ आयोजक का नाम व मोबाइल नंबर लिखी तख्ती लगाना भी जरूरी होगा। पंडालों में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने के लिए भी कहा गया। बैठक में संदीप यादव, अजय गिरी, मायाराम यादव, देवेंद्र पांडेय, चंदन खरवार, रविकांत यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।