जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम और गैस एजेंसियों के जिला समन्वयकों के साथ की ऑनलाइन बैठक
सिलिंडर की आपूर्ति ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से सुनिश्चित करने का निर्देश
प्रवर्तन दलों का गठन कर औचक रूप से छापेमारी करने के निर्देश
महराजगंज। जनपद में घरेलू गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने और गैस की कालाबाजारी व अवैध भंडारण पर नकेल कसने के लिए जिलाधिकारी ने सुचारू गैस वितरण सुनिश्चित करने के लिए समस्त एसडीएम और गैस एजेंसियों के जिला समन्वयकों के साथ ऑनलाइन बैठक की। जिलाधिकारी ने सभी एजेंसियों की गैस आपूर्ति की जानकारी ली। चारों तहसीलों में जिलाधिकारी ने प्रवर्तन दलों का गठन कर औचक रूप से छापेमारी करने के भी निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों को न्यूनतम 85 से 95 प्रतिशत रिफिल सिलिंडर की आपूर्ति ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। तीनों एजेंसियों के प्रभारी ने बताया कि जनपद में 21 मार्च को कुल बुकिंग 8,913 घरेलू गैस सिलिंडर था। औसत बुकिंग 11,082 है। जनपद में घरेलू गैस सिलिंडरों का स्टॉक 12,801 था। इसके सापेक्ष 5,661 घरेलू गैस सिलिंडरों की बिक्री हुई। जिलाधिकारी ने चारों तहसीलों के उपजिलाधिकारियों को क्षेत्राधिकारियों के साथ भ्रमणशील रहकर एलपीजी गैस की कालाबाजारी व अवैध भंडारण को रोकने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि कोई एजेंसी या व्यक्ति अवैध भंडारण या कालाबजारी में लिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने समस्त उपजिलाधिकारियों को आकस्मिक रूप से वितरण प्रक्रिया और स्टॉक व बिक्री की जांच करने का निर्देश दिया। कहा कि यदि कहीं अनियमितता मिलती है तो कठोर कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने गैस एजेंसियों पर सामान्य वितरण हेतु सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि ग्राहकों को नियमानुसार गैस सिलिंडर उपलब्ध हो सके। इस संदर्भ में चारों तहसीलों में जिलाधिकारी ने प्रवर्तन दलों का गठन कर औचक रूप से छापेमारी करने और स्टॉक रजिस्टर और वितरण की जांच करने का निर्देश दिया।
गैस एजेंसियों और गोदामों पर सीसीटीवी लगवाने के निर्देश
साथ ही होम डिलीवरी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि एजेंसियों पर भीड़ न हो। उन्होंने सभी गैस एजेंसियों और गैस गोदामों पर सीसीटीवी लगवाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि गैस एजेंसियों पर कोई अप्रिय स्थिति न हो इसको एजेंसी और संबंधित अधिकारी सुनिश्चित करें। इस दौरान अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, सभी उपजिलाधिकारी और ईओसीएल, एचपीसीएल और बीपीसीएल के जिला प्रभारी उपस्थित रहे।