हंगामे के बीच कस्बे में हटाया गया अतिक्रमण
महराजगंज/फरेंदा। नगर पंचायत आनंदनगर में अवैध अतिक्रमण हटाने का कार्य तीसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा। एडीएम डॉ पंकज वर्मा के नेतृत्व में अंबेडकर तिराहे से लेकर बाईपास तक अतिक्रमण हटाया गया। लोगों ने अतिक्रमण हटाने में भेदभाव का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। जिसकी सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची तब जाकर मामला शांत हुआ। लोग नगर पंचायत प्रशासन पर भेदभाव का आरोप लगा रहे थे। महराजगंज शहर में गोरखपुर मार्ग, पडरी मार्ग पर अतिक्रमण हटाया गया। कानूनगो अनिल मिश्रा, लेखपाल लोकपति त्रिपाठी, नगर पालिका के कार्यालय अधीक्षक मोहम्मद समीम खां पुलिस टीम के साथ मौजूद थे। दुकानों पर पॉलिथीन मिलने पर 5 व्यक्तियों ने 13,000 रुपये जुर्माना वसूला गया।
फरेंदा कस्बे में एडीएम डॉ पंकज वर्मा के साथ एसडीएम दिनेश मिश्रा, ईओ अवधप्रकाश सिंह व राजस्व टीम के साथ पुलिस फोर्स के साथ महराजगंज रोड पर अतिक्रमण हटाना शुरू किया। जहां पर सड़क के किनारे लगी गुमटी, झोपड़ी व टिनशेड बुलडोजर से हटाया गया। सड़क के किनारे बनी अवैध रूप से दुकानों का हटाया गया। सड़क किनारे बने नाली के बाहर पक्का निर्माण को बुलडोजर से तोड़ा गया। कहीं कहीं प्रशासन द्वारा छोड़ने से अन्य व्यापारी नाराजगी जता रहे थे। अतिक्रमण हटाने की सूचना पर पूरे कस्बे में हड़कंप मचा रहा। लोग स्वयं अतिक्रमण हटाने में जुटे रहे। एडीएम ने कहा कि अतिक्रमण हटाने में कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा। मानक के अनुसार शासन के निर्देश का पालन किया जाएगा।
-------
पुन: अतिक्रमण करने पर सामान जब्त करने चेतावनी
पनियरा। सड़क के किनारे फुटपाथ पर अतिक्रमण कर आवागमन में अवरोध बने अतिक्रमण पर शनिवार को नगर पंचायत प्रशासन का बुलडोजर चला। कस्बे के जामा मस्जिद के पास पोखरा किनारे लगी दुकानों व अतिक्रमण को हटाया गया। कस्बे के जामा मस्जिद के पास अपर एसडीएम/नगर प्रशासक मदन मोहन वर्मा एवं अधिशासी अधिकारी राजनाथ यादव पुलिस बल के साथ पहुंचे। जहां पोखरे पर रखे गए अवैध गोबर एवं पटरियों से अवैध अतिक्रमण हटवाया। अधिशासी अधिकारी राजनाथ यादव ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई है कि यदि वह फिर सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण करेंगे तो उन्हें न सिर्फ जुर्माना देना पड़ेगा बल्कि उनके सामान को जब्त भी कर लिया जाएगा।
तीसरे दिन भी चला बुलडोजर
सिसवा बाजार। अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत शनिवार को तीसरे दिन भी सिसवा कस्बे के सब्जी मंडी, फलमंडी व बनारसी कटरा मे अतिक्रमण हटाया गया। नायब तहसीलदार नवीन निश्चिल, अधिशासी अधिकारी रामदुलार यादव व नगर चौकी प्रभारी अमित सिंह की मौजूदगी में बुलडोजर के साथ नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों की टीम ने सब्जी मंडी, बनारसी कटरा फलामंडी से अतिक्रमण हटवाया।
कस्बे में हटाया अतिक्रमण
नौतनवां। कस्बे में एसडीएम रामसजीवन मौर्य के नेतृत्व में शनिवार को अतिक्रमण हटाया गया। अतिक्रमण हटाओ अभियान अस्पताल चौराहे से लेकर घंटाघर चौराहा होते हुए अटल चौक तक चलाया गया। इस मौके पर एसडीएम न्यायिक व अधिशासी अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय, कस्बा चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।