फरेंदा। बरातगाड़ा बुढ़िया माता के स्थान पर नौ दिवसीय श्री रूद्रमहायज्ञ की शुरुआत में बुधवार को दिन में कलश यात्रा निकाली गई। क्षेत्र की 751 कन्याओं व महिलाओं ने सिर पर कलश लेकर यात्रा में शामिल हुई। गाजे-बाजे के साथ निकाली गई कलश यात्रा में जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। यात्रा का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष रामप्रकाश सिंह ने किया।
श्री रूद्रमहायज्ञ की कलश यात्रा वैदिक मंत्रोच्चार के बाद बुढ़िया माता स्थान से निकलकर रेहरवा चौराहा व बरातगाड़ा होते हुए त्रिमुहानी घाट पर जल भरने के बाद पुनः यज्ञस्थल पर पहुंची। मुख्य अतिथि रामप्रकाश सिंह ने कहा कि यज्ञ के माध्यम से समाज में धर्म के प्रति आस्था बढ़ती है। ग्राम प्रधान दिनेश यादव ने बताया कि यज्ञ के दौरान आचार्य अरविंद दिवेदी का प्रवचन होगा साथ ही नौ दिनों तक रामलीला का आयोजन किया गया है।