परतावल। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। सोमवार की रात श्यामदेउरवां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ताला लटका मिला, जबकि उसी समय एक प्रसव पीड़ा से कराहती महिला इलाज के लिए वहां पहुंची थी। स्वास्थ्यकर्मियों की अनुपस्थिति के कारण महिला को सड़क पर ही बच्चे को जन्म देना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। पीएचसी में ताला बंद होने के मामले में स्टाफ नर्स वंदना का एक दिन का वेतन बाधित करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके अलावा आशा कार्यकत्री से भी जवाब तलब किया गया है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर आगे विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजन विभाग की कार्रवाई से असंतुष्ट दिखे। ससुर रामचंद्र का कहना है कि इतनी बड़ी लापरवाही के बावजूद केवल वेतन काटना उचित नहीं है। परिजनों ने बताया कि वे जल्द ही जिलाधिकारी से मिलकर पूरे मामले की शिकायत करेंगे ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो सके।
अधीक्षक डाॅ. अनिल जायसवाल ने बताया कि स्टाफ नर्स व आशा कार्यकर्ता से स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्टाफ नर्स वंदना का एक दिन का वेतन बाधित किया गया है।