1500 से अधिक स्कूलों में गठित होंगे स्पोर्ट्स क्लब
स्पोर्ट्स ग्रांट का बेसिक स्कूलों में पहले से लागू है प्रावधान
महराजगंज। प्रत्येक परिषदीय स्कूल में स्पोर्ट्स क्लब गठन के निर्देश दिए गए हैं। स्पोर्ट्स ग्रांट की व्यवस्था स्कूलों में पहले से ही लागू है। अब नवाचार थीम आधारित गतिविधि से विभाग खेलकूद के प्रति बच्चों की अभिरुचि विकसित करने जा रही है। इसका फायदा 1500 से अधिक परिषदीय स्कूलों में नामांकित बच्चों को मिलेगा।
परिषदीय विद्यालयों में खेलकूद को नई दिशा देने का नवाचार शुरू हो रहा है। सभी परिषदीय स्कूलों में बच्चों की प्रतिभा निखारने के लिए स्पोर्ट्स क्लब गठन के निर्देश हैं। स्पोर्ट्स ग्रांट का प्रबंध किया जा चुका है। इसके तहत प्राइमरी को पांच, पूर्व माध्यमिक को 10 व कंपोजिट स्कूलों को 15000 रुपये दिए जाएंगे। इस राशि से खेलकूद की सामग्री खरीदी जाएगी। क्लब के बच्चे जिस खेल के प्रति अभिरुचि व्यक्त करेंगे स्कूल वही स्पोर्ट्स किट खरीदेगा।
स्पोर्ट्स क्लब सुनिश्चित करेगी सहभागिता
बेसिक शिक्षा विभाग में सदर के व्यायाम शिक्षक अखिलेश पाठक ने बताया कि स्पोर्ट्स क्लब के गठन से प्रत्येक स्कूल की जवाबदेही होगी और वह अपने स्कूल के बच्चों की सहभागिता स्कूल स्तर से ही सुनिश्चित करेंगे। खेल सामग्री उपलब्ध होने से विद्यार्थी नियमित अभ्यास करेंगे और स्कूलों में नियमित रूप से खेल प्रतियोगिताएं होंगी। पारंपरिक खेलों के साथ एथलेटिक्स, बैडमिंटन, शतरंज और कैरम को बढ़ावा मिलेगा। खो-खो, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबाल और हैंडबॉल इनडोर खेलों में शतरंज व कैरम भी सिखाया जाएगा।
वर्जन
परिषदीय स्कूलों में स्पोर्ट्स क्लब गठन के निर्देश दिए गए हैं। जिससे कि स्पोर्ट्स ग्रांट के तहत मिलने वाली धनराशि का सदुपयोग हो सके और खेलकूद की गतिविधि प्राथमिक स्तर से ही मजबूत हो सके।
-रिद्धि पांडेय, बीएसए