पनियरा। खाद्य एवं रसद विभाग के विशेष सचिव अतुल सिंह ने रविवार को ग्राम पंचायत नेवासपोखर का निरीक्षण किया। उन्होंने ब्लाॅक कर्मियों से पहले से चिह्नित गांवों को दिखाने पर नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि ऐसे गांवों का निरीक्षण कराया जाना चाहिए था जहां विकास पूरी तरह न हुआ हो। उन्होंने नसीहत दी कि सभी अधिकारी व कर्मचारी मनोयोग से काम करें। उन्होंने कहा कि विकास के लिए शासन स्तर के सहयोग के अलावा सांसद, विधायक व गांव के सम्पन्न लोगों से भी मदद की बात करें।
उन्होंने ग्राम पंचायत नेवसपोखर के प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में बने आंगनबाड़ी केंद्र को देखा। अनन्या पुत्री फूलचंद्र की मशीन से तौल कराया तो उपकरण खराब मिला। वहां फीडिंग पोषण कुछ सही नहीं होने होने पर नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण में आंगनबाड़ी केंद्रों में कहीं भी पोषण ट्रेकर सही नहीं मिला। वहीं प्राथमिक विद्यालय में दिव्यांग बच्चों को पढ़ाने का तरीका सहायक अध्यापक से जाना। फिर वहां से पंचायत भवन पर गये जहां तैनात पंचायत सहायक शक्ति पुत्री घनश्याम से आयुष्मान कार्ड का प्रिंट आउट निकालने को कहा लेकिन वह नहीं निकाल सकीं। उसके बाद गांव में आरआरसी सेंटर को देखा। उन्होंने उसे उपयोग में लाने की बात कही।
इस मौके पर एसीएमओ डाॅ. बीबी सिंह, खंड विकास अधिकारी श्वेता मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी शिवकुमार, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अधिदेव कश्यप, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अतुल सिंह मौजूद रहे।