- कलक्ट्रेट सभागार में हुए विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में शिथिल प्रगति पर डीएम ने डीपीआरओ को दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। सड़क व भवन निर्माण में खराब प्रगति पर जिलाधिकारी अनुनय झा ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान किया, जबकि अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण मांगा।
वे सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को भी स्वच्छ भारत मिशन की खराब प्रगति पर चेतावनी जारी करने को कहा। बिजली विभाग के अधिकारियों को रोस्टिंग की समयसारिणी मुख्य विकास अधिकारी को प्रत्येक माह के प्रारंभ में उपलब्ध कराने को कहा। टीएचआर प्लांट वाले क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति में बाधा की समस्या को दूर कराने को कहा है। एकमुश्त समाधान योजना को भी प्रभावी ढंग से चलाने को कहा है। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास के संबंध में सीएम डैशबोर्ड पर सी रैकिंग पर असंतोष जताते हुए आवास निर्माण में तेजी लाने के लिए कहा।
कन्या सुमंगला योजना में लंबित आवेदनों को जल्द से जल्द निस्तारित करने को कहा है। प्रोजेक्ट अलंकार के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा गया है। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार राय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीना वर्मा, उपायुक्त श्रम रोजगार करूणाकर अदीब, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय श्रीवास्तव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।