- इलाज कराकर गोरखपुर से लौट रहे थे दंपती, चालक बस छोड़कर भागा
ठूठीबारी। गोरखपुर से दो वर्षीय बेटे का इलाज कराकर बाइक से घर लौट रहे दंपती शनिवार को गड़ौरा मलाव नाला के पास रोडवेज बस की चपेट में आ गए। हादसे में बाइक सवार अनिल मद्धेशिया और उनकी पत्नी गुड़िया देवी गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि उनके दो वर्षीय बेटे अयांश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस मौके पर छोड़कर भाग गया। घायलों को निचलौल सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ग्राम सभा ठूठीबारी के टोला धरमौली निवासी अनिल (38) शनिवार को पत्नी गुड़िया (32) और अयांश को लेकर बाइक से गोरखपुर गए थे। बच्चे का इलाज कराने के बाद तीनों घर लौट रहे थे। निचलौल-ठूठीबारी एनएच-730एस पर गड़ौरा मलाव नाला के पास निर्माणाधीन पुल के समीप पहुंचने पर सामने से आ रहे ई-रिक्शा के कारण अनिल ने बाइक को साइड से निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान ठूठीबारी की ओर से आ रही रोडवेज बस की चपेट में बाइक आ गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि अयांश की मौके पर ही मौत हो गई। अनिल और गुड़िया गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों घायलों को निचलौल सीएचसी ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
-
जाम के बीच हादसा, पुलिस पिकेट पर उठे सवाल
शनिवार को गड़ौरा में साप्ताहिक बाजार होने के कारण सड़क पर काफी भीड़ थी। वहीं मलाव नाला पर पुल निर्माण और सड़क कार्य के चलते यातायात प्रभावित था। इससे सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान हादसा हुआ। स्थानीय राहगीरों का आरोप है कि गड़ौरा पुलिस पिकेट घटनास्थल से करीब 50 कदम की दूरी पर है। यहां पुलिसकर्मियों की तैनाती के बावजूद जाम के समय यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मी मौके पर नहीं थे। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जाम खुलवाया जाता और यातायात नियंत्रित किया जाता तो हादसा टल सकता था। ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।