महराजगंज। जिले के 28 जर्जर हो चुके उपकेंद्रों का स्वास्थ्य विभाग की ओर से जीर्णोद्धार कराया गया है, लेकिन अभी तक उन भवनों का रंगाई-पुताई का काम बाकी है। विभागीय स्तर से कार्य शुरू करने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, जिले में 28 उपकेंद्रों के मरम्मत और रंगाई-पुताई कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने वर्ष 2023-2024 में 57, 07380 रुपये की कार्ययोजना तैयार कर स्वीकृति के लिए शासन को पत्र भेजा था। वहीं इसकी स्वीकृति मिलने के बाद कार्यदायी ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने इन जर्जर उपकेंद्रों के भवनों का मरम्मत कार्य प्रारंभ कराया। उपकेंद्रों का मरम्मत कार्य पूरा हो गया है, लेकिन अभी तक इसमें रंगाई-पुताई का काम बाकी है।
इन उप स्वास्थ्य केंद्रों को आकर्षक बनाया जाएगा ः इन उप स्वास्थ्य केंद्रों की रंगाई-पुताई के साथ दीवारों पर स्वास्थ्य जागरूकता के स्लोगन लिखे जाएंगे। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को सेहत के प्रति जागरूक करना और उन्हें केंद्रों की दीवारों पर स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण स्लोगन जैसे स्वस्थ जीवन खुशहाल समाज, समय पर इलाज, जीवन बचाओ, टीकाकरण है जरूरी और स्वच्छता है स्वास्थ्य का आधार लिखे जाएंगे। यह स्लोगन न केवल उप स्वास्थ्य केंद्रों को सुंदर बनाएंगे बल्कि लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ाएंगे।
अधिकारियों का मानना है कि स्लोगनों के माध्यम से लोग स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व को समझेंगे और सही समय पर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाएंगे। स्वास्थ्य संबंधी गलत धारणाओं को भी दूर किया जा सकेगा और बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में ग्रामीणों को जानकारी मिल सकेगी।