अर्बन हेल्थ पोस्ट पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में मरीज की जांच करती डॉक्टर नमिता गुप्ता।
महराजगंज। जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। मेले में जुकाम और खुजली जैसी मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीज इलाज के लिए पहुंचे। डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की और उचित देखभाल के सुझाव दिए।
10:45 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौक में डॉ. रामस्वरूप मरीजों का इलाज करते मिले। सुनीता ने बताया कि हमें एक सप्ताह से खांसी आ रही है। चौक बाजार में स्थित एक क्लिनिक सेंटर पर इलाज कराई हूं। खांसी में कोई सुधार नहीं हुआ। आरोग्य मेले में इलाज के लिए पहुंची हूं। जहां पर डॉक्टर की ओर से कुछ दवाएं दी गईं, लेकिन सीरप नहीं मिली।
दुष्यंत ने बताया कि शरीर में लाल चकत्ते हो गए हैं। इसके इलाज के लिए आरोग्य मेले में गया, लेकिन वहां पर डॉक्टर की ओर से सिर्फ एंटीबायोटिक दवाएं दी गईं, मगर लगाने के लिए कोई क्रीम नहीं मिली।
11:49 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कृत पिपरा में डॉ. मनोज मिश्रा मरीजों का इलाज करते मिले। संजना ने बताया कि मेरे छह वर्षीय बेटे को सर्दी-जुकाम के कारण सांस फूल रहा है। उसे इलाज के लिए आरोग्य मेले में पहुंची। जहां पर डॉक्टर की ओर से जांच कर कुछ दवाएं और सीरप दी गई। रुदल ने बताया कि आंखे लाल हो गई हैं। इसके इलाज के लिए आरोग्य मेले में गया। मगर वहां पर डाॅक्टर की ओर से ड्राप नहीं दिया गया।
1:14 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बागापार में डॉ. आश्रय सिंह मरीजों का इलाज करते मिले। संतोष ने बताया कि शुगर की दवा और जांच के लिए आरोग्य मेले में आया। सुजाता ने बताया कि घुटने में दर्द है। तेज बुखार और खांसी आ रही है। आरोग्य मेले में इलाज के लिए पहुंची हूं, लेकिन वहां पर डाक्टर की ओर से सिर्फ बुखार की दवा दी गई। खांसी के लिए सीरप नहीं मिली।