महराजगंज। कैशलेस व डिजिटल व्यवस्था प्रभावी कर नये साॅफ्टवेयर एपीटी 2.0 (उन्नत डाक प्रोद्योगिकी) साॅफ्टवेयर पर मंगलवार को भी प्रधान डाकघर में काम नहीं हो सका। रविवार तय ट्रायल जहां फेल रहा वहीं सोमवार को करीब 10 से 15 मिनट ही चल सका।
नये साॅफ्टवेयर का सर्वर 10 मिनट के अंतराल पर ट्रिप करता रहा, जिसके कारण पूरे दिन डाकघर का कार्य बाधित रहा। गोरखपुर से पहुंची तकनीकी विशेषज्ञों की टीम पूरे दिन पसीना बहाती रही, लेकिन नए साफ्टवेयर के अपडेशन का कार्य पूरा नहीं हो सका।
बीते शनिवार को नए साॅफ्टवेयर पर कार्य शुरू करने के लिए एपीटी 2.0 का इंस्टालेशन होने के कारण नो वर्क डे रहा। रविवार को नया साॅफ्टवेयर अपडेट करने की प्रक्रिया का ट्रायल हुआ, लेकिन सफलता नहीं मिली। मंगलवार को कामकाज के लिए डाक कर्मी तो 10 बजे पहुंचे, लेकिन तकनीकी टीम सुबह से ही साॅफ्टवेयर अपडेट करने में जुटी रही।