सकेंद्रित निम्न दबाव से बन रहे भारी वर्षा के आसार
33 अधिकतम तो 28 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान
महराजगंज। अगस्त के आखिरी सप्ताह में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। उत्तर पूर्वी मध्य प्रदेश पर सकेंद्रित निम्न दबाव के कारण रविवार व सोमवार को तराई क्षेत्र में अच्छी बारिश का अनुमान है। शनिवार पूरे दिन बादलों की आवाजाही बनी रही लेकिन बारिश न होने से लोगों को उमस ने परेशान किया। अधिकतम तापमान 33 व न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
तराई का मौसम एक बार फिर आज से करवट ले सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक सकेंद्रित निम्न दबाव क्षेत्र उत्तर पूर्वी मध्य प्रदेश व निचले क्षोभमंडल के हरियाणा में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण बारिश की संभावना बढ़ी है। इन परिस्थितियों में पूर्वी यूपी की तराई में अगले दो दिन भारी बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी दिनों में बारिश होने से अधिकतम व न्यूनतम दोनों में कमी आ सकती है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सकेंद्रित निम्न दबाव व मानसून के द्रोणी होने के चलते पूर्वांचल की तराई में अगले दो दिन अच्छी बारिश के आसार बन रहे हैं।