खनुआ। 66वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी जोगियाबारी के जवानों ने खाद तस्करी की कोशिश नाकाम करते हुए 11 बोरी यूरिया के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। वहीं, दूसरा आरोपी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर डंडा नदी में कूद गया और नेपाल सीमा की ओर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात सीमा चौकी जोगियाबारी के सहायक कमांडेंट समरजीत सिंह को सूचना मिली कि जोगियाबारी घाट के पास झाड़ियों में यूरिया की बोरियां छिपाकर रखी गई हैं। इन्हें अवैध तरीके से नेपाल भेजने की तैयारी है। सूचना के आधार पर नाका पार्टी के जवान डंडा नदी के किनारे झाड़ियों में छिपकर निगरानी करने लगे।
कुछ देर बाद दो व्यक्ति झाड़ियों के पास पहुंचे और वहां छिपाकर रखी खाद की बोरियों को सिर पर लादकर नदी के रास्ते सीमा पार ले जाने लगे। जवानों ने दोनों को रुकने की चेतावनी दी। इस पर आरोपी खाद की बोरियां छोड़कर भागने लगे। जवानों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर नदी में कूद गया और नेपाल की ओर फरार हो गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान सरजू निवासी जोगियाबारी, थाना कोल्हुई के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खाद को निजी लाभ के लिए नदी के रास्ते नेपाल ले जाने की तैयारी की बात स्वीकार की। घटनास्थल और आसपास की झाड़ियों में तलाशी लेने पर कुल 11 बोरी यूरिया बरामद हुई।
जवानों ने खाद से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे लेकिन आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद एसएसबी जवानों ने मौके पर जब्ती सूची तैयार की और 11 बोरी यूरिया के साथ आरोपी को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग, नौतनवा को सौंप दिया।