डिजिटल निपुणता के लिए बढ़ाई जाएगी व्यवस्था, निपुण भारत डिजिटल इनिशिएटिव के तहत की जा रही व्यवस्था
अब तक सिर्फ 408 परिषदीय स्कूलों में थी यह सुविधा
महराजगंज। बुधवार से शुरू हो रहे नए शिक्षा सत्र में सभी परिषदीय स्कूलों में स्मार्ट कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। इसके लिए सभी परिषदीय स्कूलों को नए शिक्षा सत्र में डिजिटल किया जाएगा। निपुण भारत डिजिटल इनिशिएटिव के तहत यह व्यवस्था लागू की जाएगी।
जनपद में कुल 1500 परिषदीय स्कूलों का संचालन है। इनमें पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब स्मार्ट कक्षाओं के जरिए निपुण बनाया जाएगा। इसके लिए निर्देश प्रभावी किए जा चुके हैं। अब तक यह प्रबंध सिर्फ 408 परिषदीय स्कूलों में था। परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लासेज संचालित करने के लिए स्मार्ट टीवी, बच्चों के लिए आधुनिक प्रयोगशाला व इंटरनेट की व्यवस्था की जाएगी।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त आईसीटी लैब (सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी) भी बनाई जाएगी। इनमें कंप्यूटर, इंटरनेट और अन्य डिजिटल उपकरण उपलब्ध होंगे। इन संसाधनों के माध्यम से छात्र-छात्राएं ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, शैक्षणिक वीडियो और इंटरैक्टिव कंटेंट का लाभ उठा सकेंगे। स्मार्ट टीवी के जरिए शिक्षक कक्षाओं में डिजिटल कंटेंट प्रस्तुत कर सकेंगे। परिषदीय स्कूलों को सुविधाओं से लैस करने की कवायद निपुण आकलन 2026 की सफलता को देखते हुए प्रभावी की जा रही है। 2025 में परिषदीय स्कूलों की निपुणता में जनपद 37वें पायदान था। वहीं इस बार तीसरे स्थान पर काबिज हुआ।
वर्जन
नए सत्र से जनपद में निपुण भारत इनिशिएटिव के तहत सभी परिषदीय स्कूलों में स्मार्ट कक्षाएं संचालित होंगी। इसके प्रबंध किए जा रहे हैं।
-रिद्धि पांडेय, बीएसए, महराजगंज