निचलौल/सिंदुरिया (महराजगंज)। मिठौरा ब्लॉक क्षेत्र के मदनपुरा गांव स्थित गोसदन में बृहस्पतिवार को एक गोवंश का शव और काफी मात्रा में कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया।
कई पशु भी गंभीर हालत में मिले। सूचना पर गोरक्षक प्रांत और बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे और पशुओं के हालात की जानकारी पर पुलिस के साथ ही बीडीओ, तहसीलदार और एसडीएम भी गोसदन पहुंच गए। देर शाम इस मामले में ग्राम पंचायत अधिकारी (वीडीओ) कौशलेंद्र कुमार कुशवाहा को निलंबित कर दिया गया जबकि ग्राम प्रधान कृष्ण मुरारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
पशुपालन विभाग की ओर से मदनपुरा गांव में संचालित गोसदन के बाहर बृहस्पतिवार सुबह गोरक्षक प्रांत और बजरंग दल के कार्यकर्ता हंगामा करने लगे। बजरंग दल के नगर संयोजक चंदन दुबे, जिलाध्यक्ष विशाल, गोरक्षक प्रांत सुरक्षा प्रमुख विवेक और विशाल का आरोप था कि गोसदन में गोवंशों के साथ खराब व्यवहार किया जा रहा है। उन्हें गंदगी में रखा जा रहा है और खाने को भी नहीं दिया जा रहा, जिससे उनकी मौत हो रही है। सूचना पर एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता, तहसीलदार मौके पर पहुंच गए। उन्होंने गोसदन का निरीक्षण किया तो दंग रह गए। परिसर में गोवंशीय पशु का शव और चारों तरफ कंकाल मिला। गोसदन के मुख्य गेट से लेकर पशु शेड तक कई गोवंशीय पशु घायल और बीमार अवस्था में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे थे। इतना ही नहीं गोसदन में गंदगी के चलते काफी दुर्गंध उठ रही थी। वहीं पशुओं के बाड़े में सूखे भूसे के बीच गोबर भी पड़े थे।