खाद्य सुरक्षा विभाग ने दो दिवसीय अभियान के तहत 12 नमूने संग्रहित कर जांच को भेजे
महराजगंज। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने खड़ा एवं पिसा मसाला की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया। शुक्रवार को प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-II केके उपाध्याय के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लेकर जांच को भेजे।
शुक्रवार को अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने नगर क्षेत्र में सबसे पहले आजाद नगर स्थित एक दुकान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यहां से एक ब्रांड का धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, मछली मसाला तथा हींग के नमूने संग्रहित किए। इसके बाद टीम ने पड़री रोड स्थित एक एजेंसी का निरीक्षण कर भुना जीरा पाउडर तथा एक कंपनी के चिकन मसाला का नमूना लिया।
संग्रहित सभी छह नमूनों को सीलबंद कर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में गुणवत्ता संबंधी कमी अथवा मिलावट पाई जाती है तो संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार दो दिवसीय विशेष अभियान के दौरान अब तक कुल 12 मसाला नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, हिमांशु जयंत, अंकित सिंह तथा पवन गौड़ शामिल रहे।