निचलौल। थाना क्षेत्र में मंगलवार को तीन अलग अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में कुल छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को लोगों की मदद से आनन फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने सभी घायलों की हालत बिगड़ते देख प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वही हादसे की सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे घायलों के परिजनों में चीख पुकार मची रही।
जानकारी के मुताबिक, निचलौल चिऊटहा सड़क स्थित विष्णु मंदिर घोड़हवा के पास अंकित पटेल (24) सड़क पार कर रहे थे। इसी बीच वह कोठीभार थाना क्षेत्र के गांव होरिलापुर निवासी सन्नी (25) की बाइक की चपेट में आ गए। इस हादसे में सड़क पार कर रहे अंकित पटेल और बाइक सवार सन्नी घायल हो गए। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा के अनुसार, हादसे में घायल दोनों युवकों को डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। इसी तरह सिसवा सड़क पर हुए हादसे में दो बाइक सवार सहलाम (18) निवासी भारत खंड पकड़ी और शमशेर (16) निवासी कला कटहरी थाना कोठीभार, राजकुमार (56) निवासी विशुनपुरा घायल हो गए। इन तीनों घायलों की भी हालत नाजुक देख प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं इसी सड़क पर हुए एक अन्य हादसे में बाइक सवार सानी (25) निवासी हरपुर, थाना घुघली भी घायल हो गए। इन्हें भी डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा के अनुसार, तहरीर मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।