प्रतिबंधित एप और वेबसाइटों के माध्यम से क्रिप्टोकरेंसी कारोबार करने का आरोप
सोनौली। सीमा से सटे नेपाल के रूपनदेही जिले के बुटवल में नेपाल पुलिस ने छापेमारी कर छह चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि सभी नेपाल में प्रतिबंधित एप और वेबसाइटों के माध्यम से अवैध रूप से क्रिप्टोकरेंसी का कारोबार कर रहे थे।
रूपनदेही जिला पुलिस के डीएसपी कृष्ण कुमार चंद ने बृहस्पतिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि बुटवल उपमहानगरपालिका-12 क्षेत्र में चीनी नागरिकों द्वारा विभिन्न प्रतिबंधित एप और वेबसाइटों के जरिए क्रिप्टोकरेंसी कारोबार किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी।
सूचना के आधार पर क्षेत्रीय पुलिस कार्यालय, बुटवल की टीम ने छापेमारी कर छह चीनी नागरिकों-हु गैंग ली, जुआनहेई, सन हुई, झाओ किउचेन, जियांग जियाशुन और ली बिन को गिरफ्तार किया। आरोपी विभिन्न एप और वेबसाइटों के माध्यम से क्रिप्टोकरेंसी का कारोबार कर रहे थे।
छापेमारी के दौरान उनके कब्जे से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की गहन जांच की जा रही है तथा आरोपियों के नेटवर्क और गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।