अड्डा बाजार। असमय बिजली कटौती के विरोध में क्षेत्र के लोगों ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार को विद्युत उपकेंद्र अड्डा बाजार पर धरना-प्रदर्शन किया। सुरक्षा के मद्देनजर मोकामी चौकी की पुलिस पहले से ही मौके पर मौजूद रही। प्रदर्शन के दौरान किसी तरह का उपद्रव नहीं हुआ। करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे विद्युत विभाग के एसडीओ को लोगों ने अपनी समस्याएं बताईं और ज्ञापन सौंपा। एसडीओ के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांतिपूर्वक लौट गए।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक जोशी, रामानुज मौर्य, यूनुस खान, राजा ठाकुर और अभिषेक सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में क्षेत्र के उपभोक्ता विद्युत उपकेंद्र अड्डा बाजार पहुंचे। अभिषेक जोशी ने वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधियों पर असमय बिजली कटौती के मुद्दे पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। करीब एक घंटे बाद लक्ष्मीपुर के एसडीओ राहुल द्विवेदी मौके पर पहुंचे। उन्होंने रोस्टिंग के तहत होने वाली कटौती और वर्तमान में हो रही बिजली कटौती के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त कटौती की समस्या जल्द समाप्त होने की उम्मीद है।
एसडीओ ने वर्तमान में करीब 18 घंटे बिजली आपूर्ति होने की बात कही। इस पर प्रदर्शनकारियों ने आपत्ति जताई और कहा कि क्षेत्र में इतनी आपूर्ति नहीं हो रही है। भीड़ में एक उपभोक्ता ने करीब पांच घंटे ही बिजली मिलने की बात कही। इस पर एसडीओ ने कहा कि संबंधित उपभोक्ता नोटरी के माध्यम से शिकायत दे, उसके मीटर की जांच कराई जाएगी। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित हाइडिल कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसडीओ राहुल द्विवेदी ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि अगले 10 दिनों में बिजली व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है। आश्वासन के बाद लोगों ने धरना समाप्त कर दिया और शांतिपूर्वक लौट गए।