पत्नी की शिकायत पर पूछताछ के लिए पुलिस ने बुलाया था
पुलिस ने आरोपी का किया चालान, बहन के आरोपों की हो रही जांच
ठूठीबारी। गड़ौरा पुलिस पिकेट पर महिला के सामने पुलिसकर्मियों ने उसके भाई की पिटाई कर दी। इससे आहत बहन ने हंगामा किया। उसने आरोप लगाया कि पुलिस वालों ने उसकी भी पिटाई की। पुलिस ने युवती के भाई राजकिशोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया और महिला के आरोपों की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र की ग्राम सभा गड़ौरा निवासी राजकिशोर की दो पत्नियां है। पहली पत्नी पिंकला देवी ने रविवार को कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर पति राजकिशोर पर मारपीट व प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस रविवार की शाम आरोपी को पकड़ कर गड़ौरा पुलिस पिकेट पर लाई। वहीं राजकिशोर की बहन पुष्पांजलि भी पिकेट पर पहुंच गई।
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने पूछताछ करते हुए राजकिशोर की पिटाई कर दी। यह देख उसकी बहन भड़क गई और पुलिसकर्मियों से नोकझोंक करते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। पुष्पांजलि ने आरोप लगाया कि भाई की पिटाई का जब उसने विरोध किया तो नाराज पुलिसकर्मियों ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए उसकी भी पिटाई कर दी।
इस बाबत कोतवाली प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के विवाद में पति राजकिशोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर शांतिभंग में चालान कर दिया गया है। महिला के आरोपों की जांच की जा रही है।