फरेंदा। साहब घर के पास हमारा खेत है, बगल का व्यक्ति खेती नहीं करने दे रहा है। जब भी खेत में जाती हूं तो वह गाली देते हुए मारपीट पर उतारू हो जाता है। चार बच्चे हैं जो मजदूरी के लिए बाहर चले जाते है, तब अकेला पाकर धमकी देता है। यह बात शनिवार को थाना समाधान दिवस में बरातगाढ़ा की महिला जगदंबा देवी ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताई।
पीड़िता ने बताया कि घर के समीप जमीन है, जबकि सटे हरीराम का भी घर है। दोनों के बीच में बने मेड़ को विपक्षी खुद का जमीन बताकर खेती करने से मना करता है। जब परिवार के अन्य सदस्य घर पर नहीं रहते हैं तो गाली देते हुए जान से मारने की धमकी भी देता है। महिला की शिकायत मिलते ही तत्काल लेखपाल को मौके पर जाकर निस्तारित करने का आदेश तहसीलदार कर्ण सिंह ने दिया।
वहीं कम्हरिया निवासी विंजन ने कहा कि दो जून को बड़हरा चौराहे पर बाइक की टक्कर से पति घायल हो गए थे। बाइक सवार ने न तो दवा कराया और न ही इलाज के लिए पैसे दिए। जब कुछ कहती हूं तो धमकी देता है। साथ ही पैसा नहीं देने की बात भी कहता है। थानाध्यक्ष अंकित सिंह ने तत्काल कार्रवाई करने का आदेश दिया। रामनगर निवासी चंद्रभान शिकायती पत्र देने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि मछलीगांव मार्ग पर बेटा श्यामसुंदर अनियंत्रित कार की चपेट में आ गया था। उसका इलाज सीएचसी बनकटी के बाद मेडिकल काॅलेज में चल रहा है। इसकी शिकायत पुलिस से किया था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे तहसीलदार कर्ण सिंह ने बताया कि थाना समाधान दिवस में कुल छह मामले आए थे। इसमें तीन पुलिस व तीन राजस्व से संबंधित थे। मौके पर तीन मामलों का निस्तारण कर दिया गया। राजस्व संबंधी मामलों के निस्तारण के लिए टीम भेज दी गई है।
82 मामलों में 11 का मौके पर ही निस्तारण
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने निचलौल, थाना कोठीभार, थाना बरगदवा, थाना परसामलिक में थाना समाधान दिवस पर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। 14 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से मौके पर ही छह प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया। शेष मामलों में पुलिस और राजस्व अधिकारियों को मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया गया। जिले में 82 मामले आए हैं, इसमें 11 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। संवाद