परतावल/नौतनवा। साहब! निर्बल व असहाय हूं। मेरे नंबर की जमीन गांव में है, जिसमें से मैंने 13 डिस्मिल जमीन बेच दी है। बाकी जमीन मेरे नाम से ही है। जिस पर गांव के कुछ लोग अवैध तरीके से दबंगई के बल पर कब्जा करना चाह रहे हैं। इसका विरोध करने पर वह लोग मारपीट व फौजदारी पर आमादा हो जाते हैं।
शनिवार को श्यामदेउरवा थाने में आयोजित समाधान दिवस में डीआईजी एस चनप्पा को बेलराई निवासी रंगीलाल ने अपनी पीड़ा सुनाई। डीआईजी ने राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मामले का निस्तारण करने का निर्देश दिया। पीड़ित रंगीलाल ने कहा कि जमीन पर वह जब भी कोई भी कार्य करता है तो आरोपी रोकते रहते हैं।
उसने जमीन की पैमाइश कर चिह्नित कराने की मांग की। डीआईजी ने फरियादियों की समस्याओं को सुना और पूर्व में दिए गए प्रार्थना पत्र पर वादियों से फोन पर संपर्क भी किया। उन्होंने फरियादियों से मामलों के निस्तारण के बारे में भी पूछताछ की। सुनवाई के दौरान अधिकतर मामले राजस्व विभाग से जुड़े थे।
डीआईजी ने राजस्व टीम से संपर्क कर क्षेत्र के भूमि विवादों की जानकारी ली। मामलों के त्वरित समाधान के लिए डीआईजी ने ज्वॉइंट टीम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने टीम को तत्काल मौके पर जाकर विवादों का निपटारा करने का निर्देश दिया। थानाध्यक्ष को फरियादियों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान एसपी सोमेन्द्र मीणा, तहसीलदार पंकज शाही, नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह, लेखपाल सुशील शुक्ला, अभिनीत श्रीवास्तव, रुद्रप्रताप, वीरेंद्र गुप्ता, अल्का सिंह आदि मौजूद रहे। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि समाधान दिवस में कुल दस मामले आए थे जिनमें से आठ मामले राजस्व व दो मामले पुलिस से संबंधित थे। मामलों के निस्तारण के लिए टीम गठित कर दी गई है।
नौतनवा थाना सभागार में आयोजित समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद ने जनसुनवाई की। इस दौरान कुल चार मामले दर्ज हुए, जिनमें से पुलिस से संबंधित दो मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं राजस्व से संबंधित दो अन्य मामलों के समाधान के लिए संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर रवाना की गईं। इस दौरान थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव, कानूनगो सुरेंद्र चौरसिया, चौकी प्रभारी छोटेलाल लाल, उपनिरीक्षक फैयाज अहमद खान, दीवान बिरजू कनौजिया मौजूद रहे।