संपूर्ण समाधान दिवस में अधिवक्ता ने सीडीओ को मामले से कराया अवगत
नौतनवा। साहब! बंदरों के आतंक से नौतनवा तहसील में अधिवक्ताओं का जीना दुश्वार हो गया है। बंदर चैंबर में घुसकर कभी पत्रावली फाड़ दे रहे हैं तो कभी सामान लेकर भाग जा रहे हैं। यही नहीं हमला भी कर दे रहे हैं। यह कहना है अधिवक्ता अमरीश मौर्य का।
वह सोमवार को नौतनवा तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियाद सुनने आए मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह के पास अधिवक्ताओं से जुड़ी समस्या को लेकर पहुंचे थे। उन्होंने सीडीओ से बंदरों को पकड़वाकर जंगल भिजवाने की मांग की। इस पर सीडीओ ने वन विभाग के अधिकारियों को तत्काल बंदरों को पकड़कर उन्हें जंगल में छोड़ने का निर्देश दिया।
समाधान दिवस के मौके पर कुल 28 मामले आए जिनमें से पांच मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं अन्य मामलों के समाधान हेतु विभागवार टीमें गठित की गई। इस दौरान एसडीएम कुणाल, सीओ बसंत सिंह, तहसीलदार कर्ण सिंह, नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव, बीडीओ अमित मिश्रा व मृत्युंजय यादव, एआरओ धर्मेंद्र कुमार, पूर्ति निरीक्षक हर्षवर्धन श्रीवास्तव, एसडीओ सतीश रावत व अन्य मौजूद रहे।