फोटो परिचय: नाग पंचमी के अवसर पर मधुबनी शाखा नहर में पुतरी पीटते बच्चे और मौजूद ग्रामीण।
युवतियों व किशोरियों ने झूले पर बैठकर गाई कजरी, नाग देवता को चढ़ाया लावा-दूध
महाराजगंज। जनपद में सोमवार को नागपंचमी का पर्व आस्था, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर सुबह-सुबह लोगों ने विधि-विधान से पूजा करते हुए नागदेवता को लावा-दूध चढ़ाया। वहीं दिन में गांवों में युवतियों एवं किशोरियों ने झूले पर बैठकर कजरी गाए। शाम को गांव के नदी, पोखरे व नहर में पुतरी को डुबोने की परंपरा का निर्वाह हुआ।
परतावल प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र के ग्राम सभा परसिया इंदरपुर में सोमवार को नागपंचमी के अवसर पर कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें अभय सिंह की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में आसपास के गांवों से पहुंची कई टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। दिनभर चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाते हुए शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में अभय सिंह की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। रामसिंह की टीम ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि मोनू की टीम तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता के समापन पर आयोजन समिति की ओर से विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर प्रतियोगिता के आयोजक सतीश पांडेय, मुसुरूफ अली, सोनू, पिंटू, अनिकेत, इसराइल, रमेश आदि मौजूद रहे।
युवतियों ने तैयार की पुतरी, शाम को नहर में पिटने की परंपरा निभाई गई
निचलौल प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र में सोमवार को नाग पंचमी का पर्व श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही शिव मंदिरों, नाग देवता के मंदिरों और विभिन्न पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने विधि-विधान से नाग देवता एवं भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। वहीं महिलाओं ने व्रत रखकर परिवार की खुशहाली और संतान की लंबी आयु की कामना की। व्रती महिलाओं और युवतियों ने कपड़े की रंग-बिरंगी पुतरी तैयार की। इसके बाद नारायणी नदी से निकली मधुबनी शाखा नहर में पुतरी पीटने का आयोजन हुआ।