नौतनवा। साहब...गैस न मिलने से बच्चे बिस्किट, फल या कभी होटल से नाश्ता लेकर स्कूल जा रहे हैं। एक गैस दिला दीजिए, आपका उपकार होगा। यह कहना था कस्बे के राहुल नगर वार्ड निवासी अशोक कुमार का। वह शनिवार नौतनवा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियाद सुनने आए मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह के समक्ष गैस न मिलने की समस्या लेकर पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि उनके पुत्र अजय शर्मा एसएसबी में अपनी सेवा दे रहे हैं। वह घर पर रहकर बहूृ, बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों की देखभाल करते हैं। उन्होंने बताया कि गैस के लिए ऑनलाइन बुकिंग की थी। बावजूद इसके गैस नहीं मिल पा रहा। कंट्रोल रूम एवं स्थानीय अधिकारियों से भी शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।
सीडीओ ने समाधान के लिए एसडीएम को निर्देशित किया। समाधान दिवस में कुल 127 मामले आए, जिनमें से 18 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इस दौरान एसडीएम नवीन प्रसाद, तहसीलदार कर्ण सिंह, नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव, खंड विकास अधिकारी रतनपुर अमित कुमार मिश्रा व लक्ष्मीपुर मृत्युंजय यादव, सीडीपीओ रामजनम यादव, सहायक अभियंता विद्युत सतीश कुमार रावत मौजूद रहे।