नौतनवा। श्री गुरु नानक देव के पावन प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में सोमवार को सिख समाज के लोगों ने प्रभात फेरी निकाली। इसमें महिला-पुरुष और बच्चे सबद कीर्तन करते हुए चल रहे थे। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा नौतनवा से प्रभातफेरी से निकलकर नगर में भ्रमण करते हुए वापस गुरुद्वारा पहुंच कर समाप्त हुई ।
15 नवंबर 554वां प्रकाशोत्सव मनाया जाएगा। सिख समुदाय के लोगों ने नौतनवा स्थित गुरु द्वारा श्री गुरु सिंह सभा से प्रभात फेरी निकाली। यह गुरुद्वारा से निकलकर हनुमान चौक, पुरानी नौतनवा, रेलवे स्टेशन चौक, घंटाघर चौक से होते हुए अस्पताल चौराहे से जायसवाल मुहल्ला होते हुए गुरुद्वारा पर आकर समाप्त हुई। इसमें भारी संख्या में महिलाएं, बच्चे व बुजुर्ग ढोलक बजाते सबद कीर्तन करते हुए चल रहे थे। इस दौरान भाजपा के नेता जितेंद्र जायसवाल ने प्रभात फेरी का स्वागत करते हुए गुरु नानक देव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। प्रभात फेरी में शामिल लोगों में फल-प्रसाद वितरित किया। उन्होंने कहा कि गुरुनानक देव जी ने हमेशा समाज को सत्य मार्ग पर चलने का संदेश दिया। असहायों, गरीबों व जरूरतमंदों की मदद करना एवं जुल्म करने वाले के विरुद्ध संघर्ष करना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है। इस मौके पर सरदार परमजीत सिंह, सरदार रंजीत सिंह, मंजीत सिंह, कुलदीप सिंह, कवलजीत सिंह, जरनैल सिंह, चरन जीत सिंह, सतपाल सिंह, रविंद्र कौर, हरप्रीत कौर, सरन कौर, सिमरन कौर, अस्मित कौर आदि मौजूद रहे।