निचलौल। नगर पंचायत की ओर से कारोबारियों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कस्बे में छठ घाट स्थित सोमवारी बाजार में करीब 14.5 लाख रुपये की लागत से सात दुकानें बनाई जा रही हैं। इससे आने वाले दिनों में स्थानीय कारोबारियों को लाभ मिलेगा। इतना ही नहीं उपभोक्ताओं को भी सामानों की खरीदारी में सुविधा मिलेगी। लॉटरी सिस्टम से दुकानें आवंटित की जाएंगी।
नगर पंचायत के बौलिया पोखरी छठ घाट स्थित सोमवारी बाजार में पहले से नगर पंचायत की ओर से 15 दुकानें बनी थीं। इसमें व्यापारी अपना कारोबार बेहतर तरीके से चला रहे हैं। वहीं बाजार में बची खाली भूमि पर नगर पंचायत की ओर से 14.50 लाख रुपये खर्च कर सात नई दुकानें बनाई जा रही हैं। इसका कार्य काफी तेजी से शुरू कर दिया गया है।
उम्मीद है कि यह दुकानें जल्द ही बनकर तैयार हो जाएंगी। दुकान बन जाने से कारोबारियों को काफी फायदा होगा। क्योंकि इन दुकानों के सामने पार्किंग की भी व्यवस्था है। ऐसे में खरीदारी करने के लिए आने वाले ग्राहकों को भी वाहन खड़ा करने में कोई दिक्कत नहीं होगी। माना जा रहा है कि नगर पंचायत की ओर से बन रहीं दुकानों से कारोबारियों और ग्राहकों को लाभ मिलेगा। क्योंकि, ग्राहकों को खरीदारी करने के लिए शहर में ज्यादा घूमना नहीं पड़ेगा। एक निर्धारित स्थान पर कई सामान उपलब्ध हो जाएंगे।
वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष शिवनाथ मद्धेशिया ने बताया कि खाली पड़ी भूमि की पैमाइश हो चुकी है। जेई की ओर से बने नक्शे के आधार पर जल्द ही नींव का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।