परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कुड़वा उर्फ मुड़कटिया गांव में पत्नी रुक्मिणी की हत्या के महज सातवें दिन हुई शिवनारायण की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार उनकी मौत फंदे से लटकने (हैंगिंग) के कारण हुई थी।
बीते शुक्रवार को शिवनारायण की पत्नी रुक्मिणी का खून से लथपथ शव घर के बाहर चारपाई पर मिला था। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पत्नी की हत्या के बाद से ही शिवनारायण गहरे मानसिक आघात में थे। परिजनों के अनुसार उनका इलाज गोरखपुर के एक निजी मनोचिकित्सक के यहां चल रहा था। बृहस्पतिवार सुबह शिवनारायण की मौत की खबर मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। शुरुआत में उनकी मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कोई हार्ट अटैक की आशंका जता रहा था तो कोई संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की बात कह रहा था। परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ा बेटा गुलशन पहले पोस्टमार्टम कराने के पक्ष में नहीं था।
मृतक के ससुराल पक्ष ने भी पोस्टमार्टम कराने पर आपत्ति जताई थी। सओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है। संवाद